स्वराज न्यूज/मोतिहारी। जिले के पीपरा थाना क्षेत्र के चकनिया गांव स्थित कटहरीबाड़ी मठ पर 10 दिवसीय श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इस महायज्ञ के लिए शुक्रवार को भव्य कलश-यात्रा निकाली गई। महायज्ञ समिति के अध्यक्ष श्रीबाबू प्रसाद यादव ने बताया कि 20 से 29 मई तक आयोजित होने वाले इस महायज्ञ को लेकर 1051 कन्याओं द्वारा बूढ़ी गंडक नदी के चकनिया घाट से जल भरा गया। समिति के सभी सदस्य एवं श्रद्धालु कन्याएं रंग-विरंगे परिधानों से सजधज कर यज्ञ स्थल पर सुबह ही पहुंच गए थे। यह कलश-यात्रा चकनिया कटहरीबाड़ी यज्ञस्थल से प्रारंभ होकर बेदिबन मधुबन होते हुए लगभग चार किमी की दूरी तय कर बूढ़ी गंडक नदी के घाट पर पहुंची, जहां से 1051 कलशों में जल भरा गया। जल लेकर कन्याएं यज्ञ स्थल पहुंची, जहां पंडित डॉ विजय शंकर मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापना कराई। भेरखिया मुखिया नीलम देवी ने बताया कि महायज्ञ का आयोजन धर्म के विकास एवं लोक कल्याण के निमित किया जा रहा है। महायज्ञ के संचालक संत विवेकानंद ने बताया कि महायज्ञ के दौरान नियमित रूप से संध्या में प्रवचन व रासलीला आयोजित किया जाएगा। सचिव शिवचंद्र सहनी ने कहा कि महायज्ञ स्थल पर आयोजित मेले में लगा झूला आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मौके पर भेरखिया पैक्स अध्यक्ष रामबाबू प्रसाद यादव, कुड़िया पैक्स अध्यक्ष ब्रजेश सिंह उर्फ बबलू सिंह, आलोक सिंह,नवीन कुमार सिंह, शंभू सिंह, मनोज सिंह, रवि रंजन कुमार, बिंदेश्वर सहनी, लखींद्र यादव, मुलायम सिंह यादव, उप मुखिया सिकंदर यादव, शिक्षक मनोज प्रसाद कुशवाहा, सुरेंद्र कुशवाहा, मनीष प्रसाद कुशवाहा, धर्मदेव तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।